आचार्य विद्यासागर के आर्थिक दर्शन पर संदेश जैन को पीएच.डी.


जबलपुर। एकलव्य विश्वविद्यालय, दमोह के प्रथम दीक्षांत समारोह में संदेश जैन को ‘आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम’ विषय पर किए गए शोध के लिए पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई। उनका शोध आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के आर्थिक दर्शन और वर्तमान भारत के संदर्भ में उनके चिंतन की प्रासंगिकता पर केंद्रित रहा।
संदेश जैन ने बताया कि उन्हें करीब 10 वर्षों तक आचार्य विद्यासागर महाराज के सान्निध्य में रहकर उनके जीवन, चिंतन और सिद्धांतों को समझने का अवसर मिला। इसी अनुभव और प्रेरणा ने उन्हें आचार्य श्री के विचारों का शोधपरक अध्ययन करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के संदर्भ में देखने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. संदेश जैन ने कहा कि पीएच.डी. उनके लिए यात्रा का अंत नहीं, बल्कि शोध के नए चरण की शुरुआत है। डॉ. जैन ने अपनी इस उपलब्धि को आचार्य श्री विद्यासागर जी की प्रेरणा और आशीर्वाद को समर्पित किया।