गौरीघाट रेलवे ओवरब्रिज पर हादसा, ट्रेन आती देख कूदीं गायें, 3 की मौत, 2 घायल, 1 राहगीर भी गंभीर


जबलपुर। गौरीघाट रेलवे ओवर ब्रिज में विचरण कर रहा गायों का झुंड हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में तीन गायों की मौत हो गई,वहीं दो अन्य गाएं घायल हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से वेटरनरी अस्पताल भिजवाया गया है। घटना रविवार रात की है, जब ओवर ब्रिज से गायों का झुंड गुजर रहा था, इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की तेज रफ्तार और शोर से विचलित होकर गायों ने पुल से नीचे छलांग लगा दी। जिसके चलते तीन गाय बुरी तरह से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई,जबकि अन्य कुछ गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। गौरीघाट थाना पुलिस ने नगर निगम को सूचना देने के बाद की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई रविवार की देर रात एक ट्रेन जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह गौरीघाट स्टेशन से पहले सुखसागर के समीप पुल के पास पहुंची,तभी रेलवे ट्रैक पर घूम रही गायों का समूह ट्रेन की चपेट में आ गया। अचानक इंजन की आवाज और सायरन सुनकर गाएं पुल से सीधे नीचे सडक पर आ कूदी जिससे कई गाएं बुरी तरह घायल हुईं जिनमें से तीन की मौत हो गई।

एक व्यक्ति पर गिरी गाय……

इस हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति भी घायल हो गया है। बताया जाता है कि ट्रेन गुजरने के दौरान उक्त व्यक्ति ओवर ब्रिज के नीचे खड़ा था, तभी ब्रिज से गिरने वाली गायों में से एक उक्त व्यक्ति के उपर आ गिरी। घटना के बाद मौके से निकल रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी जिसके बाद डायल 112 मौके पर पहुंची, और फिर डायल 108 की मदद से उसे मेडिकल कालेज भिजवाया गया। घटना के बाद नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा और घायल गायों को इलाज के लिए वेटरनरी कालेज ले गया, जबकि एक मृत गाय को तिलवारा घाट के पास ले जाया गया। बताया जा रहा कि घायल युवक कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसके नाम और पते की जानकारी अभी नहीं लग सकी है।