बेटे और दामाद को उड़ाने की धमकी देकर मांगी 50 करोड़ की फिरौती

जबलपुर| विजय नगर थाना अतंर्गत मथुरा विहार कॉलोनी में एक किराएदार द्वारा मकान मालिक और आसपास के लोगों को धमकी भरे पत्र भेजकर 50 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक मथुरा विहार कॉलोनी निवासी 73 वर्षीय गणेश प्रसाद दुबे को उनके घर के बाहर एक बंद लिफाफा मिला। लिफाफे पर जेपी दुबे और मकान का पता लिखा था। जब उन्होंने उसे खोला तो अंदर अपशब्दों के साथ परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी और 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। पत्र में उनके नाती सुजल चौबे और दामाद को नुकसान पहुंचाने की बात भी लिखी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान ……
दोपहर में कॉलोनी के अन्य लोगों के नाम से भी इसी तरह के लिफाफे मिलने की जानकारी सामने आई। पड़ोसी प्रमोद पटेल कुछ अन्य निवासियों के नाम वाले लिफाफे लेकर पहुंचे और बताया कि ये मंदिर के पास रखे मिले थे। सभी पत्रों में लगभग एक जैसी धमकियां लिखी हुई थीं।
इसके बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें सुबह करीब चार बजे एक व्यक्ति लिफाफे रखते हुए दिखाई दिया। गणेश प्रसाद दुबे ने फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान अपने किराएदार आशीष मिश्रा निवासी मऊगंज के रूप में की। विजयनगर पुलिस ने गणेश प्रसाद दुबे की शिकायत पर आशीष मिश्रा के विरुद्ध धारा 308(2), 351(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।