भोपाल। ई-20 पेट्रोल को लेकर आम जनता, वाहन चालकों और उपभोक्ताओं के बीच उठ रहे सवालों और चिंताओं को लेकर राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 14 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे नर्मदा भवन, तुलसी नगर, भोपाल में होने वाले इस कार्यक्रम में ई-20 पेट्रोल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आम लोगों की राय और उनकी चिंताओं को सामने रखा जाएगा।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल होंगे। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में होने वाले इस जनसंवाद में ई-20 पेट्रोल के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। खासतौर पर वाहन चालकों और उपभोक्ताओं के मन में उठ रहे सवालों को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
जनता के सवालों पर होगी चर्चा……….
ई-20 पेट्रोल को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की आवाज को व्यापक मंच देना है। आयोजकों के अनुसार पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण बढ़ाए जाने के बाद वाहन चालकों के सामने आ रहे सवाल, वाहनों के प्रदर्शन, रखरखाव, ईंधन की खपत और उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में आम नागरिकों, वाहन चालकों और उपभोक्ताओं को अपनी बात रखने का अवसर भी दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि ई-20 पेट्रोल को लेकर लोगों के मन में जो जिज्ञासाएं और आशंकाएं हैं, उन्हें जनसंवाद के माध्यम से सामने लाया जाएगा तथा सरकार और संबंधित पक्षों तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मध्यप्रदेश से उठेगी उपभोक्ताओं की आवाज……..
आयोजकों के मुताबिक यह केवल भोपाल तक सीमित कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि ई-20 पेट्रोल को लेकर प्रदेशभर में उठ रहे सवालों और उपभोक्ताओं की चिंताओं को एक मंच पर लाने की पहल है। जनसंवाद के माध्यम से इस विषय पर आम लोगों के अनुभव और सुझाव सामने रखे जाएंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से वाहन चालक, उपभोक्ता और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।