जबलपुर। राइट टाउन स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीयन समाप्त होने के बावजूद संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय जांच टीम ने बुधवार को सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। अनियमितताएं मिलने पर टीम ने सेंटर को तत्काल सील कर दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, डॉ. रत्नेश नामदेव, डॉ. तुषार गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील और विकास श्रीवास्तव की टीम ने मदन महल स्टेशन रोड, राइट टाउन स्थित सेंटर का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सेंटर का पंजीयन दस्तावेज मिला, लेकिन उसकी वैधता मार्च 2026 में ही समाप्त हो चुकी थी। जांच दल के अनुसार पंजीयन के नवीनीकरण के लिए भी अब तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई थी।
स्टाफ की योग्यता के दस्तावेज भी नहीं मिले…….
निरीक्षण के दौरान सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण योग्यता से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। मौके पर लैब हेड लकी सिंह, लैब टेक्नीशियन आरती नेमा और सेल्स मैनेजर अनिल गुप्ता मौजूद मिले।
सेंटर में पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता त्रिवेदी के कार्यरत होने की जानकारी मिली। जांच दल ने उन्हें कार्रवाई में सहयोग के लिए फोन किया, लेकिन वे टीम के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं।
तीन दिन में दस्तावेज पेश करने के निर्देश………..
जांच दल ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों की उपस्थिति में सेंटर को तत्काल सील कर दिया। साथ ही सेंटर से संबंधित पंजीयन, स्टाफ की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण योग्यता सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तीन दिन के भीतर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिना वैध पंजीयन संचालित हो रहे अन्य पैथोलॉजी सेंटरों पर भी जांच की संभावना बढ़ गई है।