दतिया उपचुनाव की जीत पर झूमे कांग्रेसी, राजीव गांधी चौक पर आतिशबाजी और मिठाई वितरण

जबलपुर। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए भाजपा को कड़ी टक्कर में पराजित कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,056 मतों के अंतर से हराया। मतगणना के दौरान पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ क्रमांक-121 पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया।
दतिया में कांग्रेस की जीत की सूचना मिलते ही जबलपुर के राजीव गांधी चौक (पुरानी ज्योति टॉकीज के समीप) पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हो गए। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

जश्न के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता तरुण भनोट ने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा की नीतियों और उसके कथित दमनकारी रवैये का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मां पीतांबरा के आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम जनता के समर्थन से कांग्रेस को यह सफलता मिली है। उनके अनुसार यह जनादेश भाजपा नेतृत्व के अहंकार के खिलाफ जनता का संदेश है।

तरुण भनोट ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा। इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पूर्व जेडीए उपाध्यक्ष झल्लेलाल जैन, सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे|