सायबर सुरक्षा जागरूकता पर चेंबर में कार्यशाला, वित्तीय फ्रॉड में उद्योगपतियों के खाते हो रहे सीज


जबलपुर। महाकोशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री सभागार सिविक सेंटर में “सायबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला” का आयोजन सायबर राज्य पुलिस के सहयोग से किया गया | मुख्य अतिथि राज्य साइबर पुलिस डीएसपी उमा कान्ति आर्मो ने कार्यशाला के उद्देश्यों को बताते हुए देश में बढ़ रहे सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता एवं डिजिटल अरेस्ट के भय को सामान्य नागरिक के मन से दूर करना बताया | चेम्बर अध्यक्ष रवि गुप्ता ने आधार कार्ड के डाटा को फ्रॉड तरीके से निकालने तथा वित्तीय लेन देन में बढ़ते फ्रॉड पर अंकुश लगाने की मांग सरकार से की साथ ही वर्तमान नियमों के कारण वित्तीय फ्रॉड में फंस कर परेशान हो रहे व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के सीज हो रहे खातों से उत्पन्न कठिनाईयों का शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया | तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास संस्थान, एआई एवं सायबर पाठशाला के विषय विशेषज्ञ राज शर्मा ने सायबर सुरक्षा को विस्तार से समझाते हुए आज के आधुनिक युग में तकनीकी के इस्तेमाल के गुण दोषों की जानकारी दी | बैंक खातों को सुरक्षित रखने एवं डिजिटल लेनदेन करते समय सुरक्षा उपायों को व्यवहारिक रूप से समझाया | सायबर राज्य पुलिस के सायबर विशेषज्ञ अजित गौतम ने डिजिटल अरेस्ट को धोखा बताते हुए नागरिकों से फ्रॉडस्टर के जाल में न फंसने की सलाह दी | सोशल मिडिया में अपने खातों की सुरक्षा को पीपीटी के माध्यम से समझाते हुए उपस्थित लोगों के व्हाट्सऐप अकाउंट को सुरक्षित कराया | बैंकों के प्रतिनिधियों के द्वारा बताई गई व्यावहारिक समस्याओं के समाधान किये साथ ही वित्तीय फ्रॉड होने की दशा में सूचना प्राप्त होते ही तत्काल किये जाने वाले उपायों का तकनीकी पक्ष समझाया | सरकार द्वारा सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सही तरीके से कम्पलेंट दर्ज करने को महत्वपूर्ण बताते हुए उपस्थित लोगों से जागरूक रहने की अपील की | कस्टमर द्वारा फ्रॉड तरीके से व्यापारी के खाते में किये गए भुगतान पर व्यापारी का सम्पूर्ण खाता सीज कर देने का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया जिस पर विभाग ने केंद्र सरकार की नीतियों में हो रहे बदलाव के बारे में बताते हुए शीघ्र ही ऐसा नहीं किये जाने का आश्वासन दिया | उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया | कार्यशाला का संचालन चेम्बर मानसेवी मंत्री अखिल मिश्र एवं आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकर नाग्देव ने किया | कार्यशाला में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे |