टहलने निकले युवक से चाकू की नोक पर दो तोला सोने की चेन लूटी


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकले एक युवक को चाकू दिखाकर तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश युवक के गले में पहनी सोने की दो चेन, जिनका वजन करीब दो तोला था, छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


रांझी पुलिस के अनुसार, बजरंग नगर, वीएफजे निवासी 39 वर्षीय महेंद्र कुमार शुक्ला गत सुबह करीब 7:15 बजे वह रोजाना की तरह घर से टहलने निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर खालसा स्कूल के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आए। इनमें से एक बदमाश मोटरसाइकिल चालू करके बैठा रहा, जबकि दो युवक उतरकर उनके पास पहुंचे।
दोनों बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया और गले में पहनी सोने की दो तोला चेन छीन लीं।

इसके बाद दोनों अपने तीसरे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर इंद्रानगर की ओर भाग निकले। तीनों बदमाशों ने कंबल जैसे कपड़े ओढ़ रखे थे और चेहरों को मंकी कैप से ढका हुआ था, जिससे उनके चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दिए। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।