जबलपुर।संस्कारधानी की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े जबलपुर रेलवे स्टेशन ने अपनी गौरवशाली यात्रा के 156 वर्ष पूरे कर लिए। इस ऐतिहासिक अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल द्वारा शुक्रवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित कॉन्कोर्स एरिया में भव्य ‘जबलपुर रेलवे स्टेशन महोत्सव’ आयोजित किया गया। समारोह में रेलवे की ऐतिहासिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं और विकास यात्रा को याद किया गया। इस दौरान हेरिटेज गैलरी का उद्घाटन, विरासत स्मारिका का विमोचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अनेक आयोजन हुए।
कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल और स्काउट्स एवं गाइड्स की आकर्षक परेड से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान की धुन के बीच देशभक्ति का वातावरण बना। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
हेरिटेज गैलरी में दिखेगा गौरवशाली इतिहास**
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण स्टेशन परिसर में स्थापित हेरिटेज गैलरी का उद्घाटन रहा। अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर ने गैलरी का शुभारंभ किया। इसमें जबलपुर रेलवे स्टेशन के 156 वर्षों के इतिहास, उसकी ऐतिहासिक पहचान और रेलवे की विकास यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है। गैलरी को आम नागरिकों और रेल यात्रियों के अवलोकन के लिए भी खोला गया है।इस अवसर पर स्टेशन के इतिहास और विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। 156 वर्ष पूरे होने की खुशी में केक काटकर उत्सव मनाया गया तथा स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से तैयार की गई ‘विरासत स्मारिका’ का विमोचन भी किया गया।
बच्चों और रेल कर्मचारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। वहीं उत्कृष्ट योगदान देने वाले बच्चों और रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर ने अपने संबोधन में स्टेशन की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस गौरवशाली विरासत का संरक्षण और रेलवे की विकास यात्रा को आगे बढ़ाना पूरे रेल परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
क्षेत्रीय व्यंजनों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
महोत्सव में क्षेत्रीय फूड फेस्टिवल भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय व्यंजनों और क्षेत्रीय खान-पान की संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए। इससे स्थानीय खाद्य परंपराओं को मंच मिला। इसके अलावा गुब्बारे छोड़कर उत्सव का उल्लासपूर्ण संदेश दिया गया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का भाव व्यक्त किया गया।
रेलवे की विरासत को सहेजने का संकल्प
156 वर्षों का सफर पूरा करना जबलपुर रेलवे स्टेशन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस आयोजन के माध्यम से रेलवे की धरोहरों को संरक्षित करने, नई पीढ़ी को स्टेशन के गौरवशाली अतीत से परिचित कराने और रेल यात्रियों तथा आम नागरिकों के साथ रेलवे के संबंधों को और मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता शैलेंद्र कुमार रावत, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक अशोक कुमार, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक पंकज कुमार सिन्हा, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता, पश्चिम मध्य रेलवे एवं जबलपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, रेल कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स, स्कूली बच्चे तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।