जबलपुर। शहर में आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने अग्निशमन विभाग का निरीक्षण कर अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर पूरे शहर का फायर रिस्क वल्नरेबिलिटी एवं एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत आग लगने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां बचाव एवं रोकथाम के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अग्निशमन वाहनों की फिटनेस, उपकरणों की उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने फायर कॉल मिलने से लेकर अग्निशमन टीम की रवानगी तक की पूरी प्रक्रिया की स्वयं समीक्षा की। इतना ही नहीं, मोबाइल से कॉल कर विभाग की प्रतिक्रिया और तत्परता भी परखी। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई।
एक साल की आगजनी की घटनाओं का होगा विश्लेषण……..
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि पिछले एक वर्ष में शहर में हुई आगजनी की घटनाओं का विस्तृत डेटा एनालिसिस किया जाए। इसमें घटनाओं के स्थान, कारण, आग की तीव्रता, राहत एवं बचाव कार्य में लगने वाले समय और सामने आई चुनौतियों का अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर आगजनी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों और हॉटस्पॉट की पहचान होगी। उन्होंने कहा कि आग लगने के बाद राहत पहुंचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं के मूल कारणों को पहचानकर पहले से बचाव के उपाय करना जरूरी है। इसके लिए विद्युत सुरक्षा, ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण, संकरे रास्तों, दमकल वाहनों की पहुंच और पानी की उपलब्धता का भी परीक्षण किया जाएगा।
बाजारों और घनी बस्तियों में नियमित मॉकड्रिल……
शहर के व्यस्त बाजारों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों, बस्तियों और संवेदनशील वार्डों में नियमित मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, प्राथमिक बचाव और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र के लिए अलग फायर एक्शन प्लान भी तैयार होगा, जिसमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए जिम्मेदारियां और संसाधनों की उपलब्धता तय की जाएगी।
जनभागीदारी से चलेगा जागरूकता अभियान….
निगमायुक्त ने अग्नि सुरक्षा को लेकर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए व्यापारियों, दुकानदारों, रहवासियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों को जोड़कर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। प्रचार-प्रसार, संवाद और प्रशिक्षण गतिविधियों के जरिए लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
दमकल व्यवस्था का होगा आधुनिकीकरण….
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन वाहनों की फिटनेस, उपकरणों की स्थिति, वाटर रिफिलिंग स्टेशन, फायर कॉल पर कार्रवाई, टीम की रवानगी और फायर एनओसी जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संसाधनों का नियमित सत्यापन करने और जरूरत के अनुसार उपकरणों का अपग्रेडेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को प्रशिक्षण, अनुशासन, टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि अग्निशमन सेवा सीधे नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त वीएन बाजपेयी, कार्यपालन यंत्री जीएस मरावी, अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर, सहायक अधीक्षक नीलेश पाटीदार एवं आकाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्ययोजना तैयार कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।