पनागर और अधारताल में चोरी की वारदातें, दो सूने घरों से लाखों जेवर सहित नगदी चोरी


जबलपुर, (ईएमएस)। शहर में सूने मकान चोरों के निशाने पर हैं। पनागर के लमती और अधारताल थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और स्नीफर डॉग की मदद से घटनास्थल की जांच कराई गई है, जबकि दूसरे मामले में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

लमती में ग्रिल तोड़कर 8 लाख के जेवर चोरी………..

पनागर थानांतर्गत लमती गांव निवासी गगन शर्मा 11 सितंबर को परिजनों को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसके बाद वे जबलपुर स्थित अपने फ्लैट में रुक गए। लमती स्थित मकान में ताला लगा हुआ था। वापस लौटने पर उन्हें घर की ग्रिल टूटी मिली। अंदर जाकर देखने पर अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि घर की ओर से ग्रिल टूटने जैसी आवाज सुनाई दी थी। गगन शर्मा के अनुसार अज्ञात चोर ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब 8 लाख रुपए कीमत के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर पनागर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके का मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और स्नीफर डॉग की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

अधारताल में जेवर और नगदी उड़ाए…………

दूसरी वारदात अधारताल थाना क्षेत्र की जीसीएफ कॉलोनी सेक्टर-2 स्थित सिंधी धर्मशाला के पास हुई। 72 वर्षीय मोहनलाल श्रीवास ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी बेटी के पास उज्जैन गई थीं। उन्हें लेने के लिए वे 11 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर में ताला लगाकर उज्जैन रवाना हुए थे। 12 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे उनके किरायेदार सुधीर कुमार सांडेल ने फोन कर बताया कि घर के कमरे की लाइट जल रही है। मोहनलाल ने उन्हें घर जाकर देखने और मेन स्विच बंद करने को कहा। किरायेदार ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मेन गेट, चैनल गेट और बेडरूम के ताले टूटे हुए थे। अंदर अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। मोहनलाल 13 सितंबर की शाम करीब 4 बजे घर पहुंचे तो अलमारी में रखी एक सोने की चेन, पांच अंगूठियां, चांदी की दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया और 1,200 रुपए नकद गायब मिले। उन्होंने घटना की शिकायत अधारताल थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।