चुनौतियों से निपटने कैट की बैठक में व्यापारियों का मंथन

कटनी। त्योहारों का सीजन दस्तक दे चुका है और बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे समय में व्यापारियों के सामने आने वाली चुनौतियों और समस्याओं से सामूहिक रूप से निपटने के लिए संगठन की मजबूती को जरूरी बताते हुए अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने व्यापारियों को एकजुट होने का आह्वान किया।

होटल बृजवासी रॉयल, कटनी में कैट जिला कटनी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, नवीन कार्यकारिणी के गठन तथा व्यापारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि कैट के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता ने की। प्रदेश उपाध्यक्ष संदेश जैन, संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी एवं संभागीय महामंत्री राजा सराफ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

एकजुटता ही व्यापारियों की असली ताकत……….

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने कई प्रकार की चुनौतियां और समस्याएं हैं। ऐसे दौर में व्यक्तिगत स्तर पर समस्याओं का समाधान तलाशने के बजाय व्यापारियों को संगठित होकर अपनी आवाज मजबूती से उठानी होगी। व्यापारी एकता ही व्यापारिक शक्ति है और संगठन की मजबूती ही समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है।

बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण, उनके हितों से जुड़े विषयों तथा संगठन को जिला स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। अधिक से अधिक व्यापारियों को कैट से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

त्योहार सीजन में बढ़ेगी संगठन की जिम्मेदारी……….

वक्ताओं ने कहा कि त्योहारों का सीजन व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बाजारों में ग्राहकों की संख्या और व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे में व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आपसी समन्वय और मजबूत संगठन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि व्यापारी हितों की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाए और व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित किया जाए।बैठक का संचालन बालमुकुंद गुप्ता ने किया।इस अवसर पर सुरेश सोनी, आशीष जैन, विपिन सोनी, संजय सोनी, रमाकांत दीक्षित, संजय चौदहा, आशीष कंदेले, स्वप्निल पुरवार, नीरज चौदहा, सुधीर कनकने, श्रीकांत गट्टानी, विजय पटेल, सुकांत गुप्ता, आशीष सोनी एवं सचिन गुप्ता सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।