निर्माण पूरा, उद्घाटन की औपचारिकताएं बाकी
जबलपुर। भेड़ाघाट आने वाले सैलानियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। न्यू सरस्वती घाट पर 4.76 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया ग्लास ब्रिज पूरी तरह तैयार हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब केवल प्रशासनिक औपचारिकताएं शेष हैं। कलेक्टर के निरीक्षण और अंतिम स्वीकृति के बाद इसे जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल (जेटीपीसी) को संचालन के लिए सौंप दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से भेड़ाघाट के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। धुआंधार जलप्रपात, मार्बल रॉक्स, नौकायन और रोप-वे के बाद अब ग्लास ब्रिज पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा। यहां से पर्यटक संगमरमर की घाटियों और नर्मदा नदी के विहंगम दृश्य का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे।

सुरक्षा परीक्षण के बाद ही मिलेगा प्रवेश…
अधिकारियों के मुताबिक परियोजना को शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों की अंतिम जांच की जाएगी। बरगी बांध क्रूज हादसे के बाद पर्यटन स्थलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कारण ग्लास ब्रिज का संचालन तभी शुरू होगा, जब सभी तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी।
18 मीटर का कैंटीलीवर बनेगा आकर्षण का केंद्र…….
ग्लास फ्लोर तकनीक से तैयार इस ब्रिज में करीब 18 मीटर लंबा कैंटीलीवर व्यू प्वाइंट बनाया गया है। छह फीट चौड़े इस हिस्से से पर्यटक नर्मदा नदी और संगमरमर की घाटियों का अद्भुत नजारा देख सकेंगे। आधुनिक सुरक्षा रेलिंग और अन्य व्यवस्थाओं से लैस यह ब्रिज प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।