जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम छितुरहा में पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन का मामला उजागर करते हुए एक स्विफ्ट कार से 599 पाव शराब जब्त की है। जब्त शराब में गोवा रम के 49 पाव और देशी शराब के 550 पाव शामिल हैं। शराब और कार की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर कटंगी की ओर से ग्राम छितुरहा होते हुए पाटन की तरफ जाया जा रहा है।
सूचना पर पाटन पुलिस की टीम ने ग्राम छितुरहा में दबिश दी। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे नाली में फंसी मिली।
पुलिस ने कार को बाहर निकलवाकर तलाशी ली तो उसमें शराब के कार्टून रखे मिले। जांच में एक कार्टून से गोवा रम के 49 पाव और 11 कार्टून से देशी शराब के 550 पाव बरामद हुए। कार के भीतर दो नंबर प्लेट भी मिलीं, जिन पर एमपी 20 एक्सई 7680 अंकित था।
पुलिस ने शराब, कार और नंबर प्लेट जब्त कर अज्ञात चालक के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब बरामद नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।