हवा भी साफ, नाम भी रोशन… जबलपुर देश में नंबर-3”

जबलपुर। संस्कारधानी  ने एक बार फिर देशभर में अपना गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। शहर की इस उपलब्धि को पर्यावरण संरक्षण, बेहतर वायु गुणवत्ता और जनभागीदारी की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल रैंकिंग नहीं, बल्कि जबलपुर को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाने के सामूहिक संकल्प का परिणाम है।

77 AQI रहा जबलपुर

महापौर एवं निगमायुक्त ने बताया कि सर्वेक्षण में जबलपुर का AQI स्तर 77 दर्ज किया गया। शहर की बेहतर वायु गुणवत्ता के पीछे नगर निगम की योजनाबद्ध कार्यप्रणाली के साथ नागरिकों, सफाई मित्रों और निगम के विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

धूल नियंत्रण से लेकर हरियाली तक प्रयास

वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए शहर में मैकेनिकल स्वीपिंग, नियमित पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण जैसे प्रभावी कदम उठाए गए। इसके साथ ही पार्कों, डिवाइडरों और खुले क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण से शहर के हरित क्षेत्र का विस्तार किया गया।खुले में कचरा एवं सूखी पत्तियां जलाने पर रोक के साथ वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को बढ़ावा दिया गया। पर्यावरण-अनुकूल परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देने के प्रयास भी किए गए।

नागरिकों और निगम कर्मियों की साझा सफलता

महापौर और निगमायुक्त ने इस उपलब्धि का श्रेय जबलपुर के जागरूक नागरिकों, सफाई मित्रों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा नगर निगम के लोककर्म, उद्यान, वर्कशॉप, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों को दिया। उन्होंने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर की स्वच्छ आबोहवा की यह उपलब्धि पूरे शहर की सामूहिक सफलता है।सम्मान समारोह में अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, कार्यपालन यंत्री जी.एस. मरावी, निज सहायक आनंद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।