जबलपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में दो निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर कार्रवाई की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स सेंटर के निरीक्षण के दौरान बायोमेडिकल वेस्ट से संबंधित आवश्यक रजिस्टर नहीं पाया। वहीं, केंद्र में कार्यरत तकनीशियन के पास नई दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल या मध्यप्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल का पंजीयन भी उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद सेंटर को सील कर संचालकों को तीन दिन के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इधर, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण कराया। जांच में अस्पताल का पंजीयन आयुर्वेदिक चिकित्सा के लिए होना पाया गया, लेकिन परिसर में एलोपैथिक दवाइयां मिलीं। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन का मेंटेनेंस रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता, पंजीयन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।