जबलपुर। मेडिकल क्षेत्र और विक्टोरिया अस्पताल की पेयजल पाइप लाइन नालियों के भीतर से गुजरने का गंभीर मामला सामने आने के बाद भी नगर निगम द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर जनसंगठनों ने नाराजगी जताई है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मेडिकल क्षेत्र की पेयजल पाइप लाइन नाली के अंदर होने की खबर 6 नवंबर को प्रकाशित हुई थी, जबकि विक्टोरिया अस्पताल की पाइप लाइन नालियों से गुजरने का मामला 25 नवंबर को सामने आया था। इस संबंध में शिकायतें दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक निराकरण नहीं हुआ।
जनसंगठनों ने 27 नवंबर को नगर निगम आयुक्त से संपर्क कर समस्या के समाधान का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। प्रतिनिधियों ने मांग की है कि इंदौर, भोपाल और ग्वालियर की तर्ज पर जबलपुर नगर निगम में भी अतिरिक्त आयुक्त की नियुक्ति की जाए, ताकि पेयजल व्यवस्था में सुधार और नागरिक समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके।
इस संबंध में आयोजित पहल में डॉ. पी.जी. नाजपांडे, वैद्यकला अशोकिया, टी.के. रायचंद, सुभाष चंद्रा, सुशीला, गीता पांडे, मनीष शर्मा, डी.आर. हरवरा, पी.एस. राजपूत, अशोक यादव, मयंक कोठारी, संतोष श्रीवास्तव, श्याम सोनी और प्रभु सक्सेना सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि शामिल रहे।