नेशनल हाईवे-45 पर मौत बनकर दौड़ा मक्का से भरा ट्रक 4 वाहनों को रौंदकर पलटा, 3 की दर्दनाक मौत


जबलपुर। भेड़ाघाट क्षेत्र में नेशनल हाईवे-45 पर गुरुवार तड़के एक बेकाबू ट्रक ने भीषण तबाही मचा दी। मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे स्थित राज फैमिली ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचल गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।

अलाव ताप रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला…….

जानकारी के अनुसार बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहा मक्का से भरा ट्रक खैरी बंधा के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और राज फैमिली ढाबे के बाहर खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप सहित अन्य वाहनों को टक्कर मारता चला गया। ट्रक की चपेट में वहां मौजूद वे लोग भी आ गए, जो ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

3 परिवारों में पसरा मातम…..

दुर्घटना में मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी की मौत हो गई। बताया गया है कि मोनू और बलराम शराब दुकान में कर्मचारी थे, जबकि धर्मेंद्र ढाबे में काम करता था। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया।

ढाबा संचालक की हालत गंभीर, चालक गिरफ्तार…..

हादसे में ढाबा संचालक राजा साहू और सोनू घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ढाबा संचालक की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। भीषण हादसे के बाद हाईवे किनारे क्षतिग्रस्त वाहनों और पलटे हुए ट्रक का मंजर दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।