वसूली और गांजे में फंसाने की धमकी पड़ी महंगी, वायरल वीडियो के बाद सीएम के निर्देश पर एएसपी, एसडीओपी समेत 6 निलंबित


सिवनी। जबलपुर संभाग के पड़ोसी जिले सिवनी में होटल संचालक से कथित अवैध वसूली और होटल में मौजूद एक बालिग कपल को गांजा में फंसाकर धमकाने के मामले में मध्यप्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों के कथित आपत्तिजनक व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एएसपी, एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आईजी की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला…….


मामले से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने बुधवार को प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। वहीं, एसपी और एसडीओपी की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई थी। आईजी ने जांच अधिकारी से प्राथमिक रिपोर्ट भी तलब की थी। अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

हर महीने 25 हजार रुपये मांगने का आरोप…..

पूरा मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों द्वारा उनसे हर महीने 25 हजार रुपये देने की मांग की जा रही थी। होटल संचालक ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंचार्ज विजय तिवारी पर वसूली के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपये दिए भी गए थे।

कपल को गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने का आरोप………

मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब होटल के सीसीटीवी फुटेज सामने आए। वायरल वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा होटल में मौजूद एक बालिग कपल को कथित तौर पर धमकाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कपल को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। होटल संचालक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश- कदाचार पर जीरो टॉलरेंस….

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से मर्यादा, अनुशासन और जवाबदेही के साथ काम करने की अपेक्षा है। सरकार कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही तय करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।