जबलपुर। कटंगी में चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए दीवार में छेद कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोर दुकान से करीब 15 से 20 ग्राम सोने के जेवर और 2 से 3 किलो चांदी के जेवरात, मूर्तियां व बर्तन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मंदिरबाड़ा कटंगी निवासी मोहित सोनी (37) की गोटिया जी का वाड़ा में पूजा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 16 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। इस दौरान वह कुछ सोने-चांदी के जेवर एक थैले में अपने साथ ले गया था, जबकि शेष जेवर दुकान में ही रखे हुए थे।17 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे मोहित नागपुर चला गया। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे उसके भाई अनिल सोनी ने फोन पर सूचना दी कि दुकान के पीछे की दीवार में छेद किया गया है। अनिल ने दुकान का ताला खोलकर अंदर देखा तो वहां रखी चांदी की मूर्तियां, बर्तन, जेवरात और सोने के आभूषण गायब मिले।सूचना मिलने पर मोहित दुकान पहुंचा और जांच की तो करीब 15 से 20 ग्राम सोने के जेवर तथा 2 से 3 किलो चांदी के जेवरात चोरी होना पाया गया। आशंका है कि अज्ञात चोर दीवार में छेद कर दुकान के भीतर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।मोहित सोनी की रिपोर्ट पर थाना कटंगी पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ई) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस चोरों की तलाश और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।