जबलपुर। अपराध की दुनिया में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए अब कम उम्र के लड़कों को मोहरा बनाया जा रहा है। चार खंभा क्षेत्र में कथित रूप से सक्रिय डी कंपनी का अंत सरगना नौशाद की हत्या के साथ हो गया, लेकिन इस वारदात ने शहर में पनप रही एक खतरनाक प्रवृत्ति की ओर ध्यान खींचा है। आरोप है कि आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नाबालिगों और अपराध की दुनिया में नए कदम रखने वाले युवकों को गैंग में शामिल किया जा रहा था। मादक पदार्थों की लत और जल्द पैसा कमाने की चाहत के बीच ये लड़के अपराधियों के संपर्क में आकर हिंसक वारदातों का हिस्सा बन रहे हैं।15 नवंबर की रात चार खंभा में नौशाद की हत्या केवल आपसी विवाद का नतीजा नहीं मानी जा रही, बल्कि पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम ने क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई की परतें भी खोल दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, चार खंभा इलाके में कथित तौर पर अलग-अलग आपराधिक गुट सक्रिय थे। इनके जरिए सुपारी लेकर वारदातों को अंजाम देने की चर्चा भी सामने आई है। इसी बीच एक नए गुट को खड़ा करने की कोशिश और पुराने वर्चस्व को चुनौती देने की बात भी कही जा रही है।
**बारात घर के पास शुरू हुआ विवाद, कबाड़खाने तक पीछा कर की हत्या**
पुलिस जांच के अनुसार, 15 नवंबर की रात अशरफ खान, आशिक, फरहान, सियान और डी उर्फ नौशाद चार खंभा बारात घर के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेहान, फैजान और मेहराज वहां पहुंचे। कुछ ही देर में अक्कू, आमीन और जैनुल भी मौके पर आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने नौशाद पर चाकुओं से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए नौशाद कुलिया की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और घसीटते हुए चार खंभा बारात घर के नीचे शानू के कबाड़खाने के सामने ले आए। यहां भी उस पर चाकुओं से हमला किया गया। इसी दौरान जैनुल ने चीप उठाकर नौशाद के सिर पर पटक दी। गंभीर चोटों के चलते नौशाद की मौत हो गई।
**दो महीने पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह**
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले नौशाद के भाई ने रेहान और जैनुल के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद से नौशाद और दूसरे पक्ष के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस इस पुरानी रंजिश, आपसी वर्चस्व और गैंग से जुड़े संभावित विवादों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
**नाबालिगों को अपराध की राह पर धकेलने वाला नेटवर्क चिंता का विषय**
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि कथित तौर पर आपराधिक गुटों में नाबालिगों को शामिल किया जा रहा था। छोटे-मोटे विवादों से शुरू होने वाली गतिविधियां धीरे-धीरे मारपीट, धमकी और हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच रही हैं। यदि कम उम्र में ही इन लड़कों को अपराध की दुनिया में संरक्षण और पहचान मिलने लगेगी तो इसका असर आने वाले समय में कानून-व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।
चार खंभा की इस वारदात ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर के भीतर नाबालिगों को अपराध की दुनिया में खींचने वाले नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश कैसे लगेगा? नौशाद की हत्या के बाद अब पुलिस के सामने केवल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की चुनौती नहीं है, बल्कि कथित गैंग नेटवर्क, उसके संपर्कों और उसमें शामिल कम उम्र के लड़कों की भूमिका की पड़ताल करना भी जरूरी हो गया है।