जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत महिला मंडल द्वारा संचालित बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर में बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाला अध्यक्ष डॉ. श्रीमती अंजना तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।बाल मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इनमें वड़ा पाव, चना चाट, ढोकला, पापड़ी चाट, मोमोज, भेल, ब्रेड पकोड़ा, पानी पुरी, दही पुरी, कर्ल्ड एवं फ्रेंच फ्राइज सहित अनेक व्यंजन शामिल थे। मेले में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए इन स्टॉल्स का कमेटी सदस्यों, शिक्षकों एवं बच्चों ने आनंद लिया।इस अवसर पर प्राथमिक एवं माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों ने गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बाल मेले के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मकता और सहभागिता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।कार्यक्रम में कमेटी की महिला सदस्य श्रीमती भारती वर्मा, श्रीमती राजेश्वरी कुशवाहा, श्रीमती संध्या कर्नाड, श्रीमती ज्योति परिवार एवं श्रीमती वंदना खरे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की समस्त प्रभारी शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।