लूटी गई कार से जेवर और 5.17 लाख नकद बरामद करने पर सराफा एसोसिएशन ने पुलिस को किया सम्मानित

जबलपुर। खजरी-खिरिया बायपास पर चाकू और हथियार की नोक पर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोबाइल सहित कार लूटने की वारदात में जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटी गई कार और उसमें रखे कीमती सामान को बरामद कर लिया। पुलिस की इस तत्परता और सराहनीय कार्यवाही पर सराफा एसोसिएशन ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को थाना अधारताल में दीपक जैन (47), निवासी नुनहाई, कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी आकाश सोनी के साथ कार क्रमांक MP 20 ZM 8311 से कटनी से वापस जबलपुर आ रहे थे। रात करीब 1:30 बजे खजरी-खिरिया बायपास से गोहलपुर की ओर मुड़कर धर्मकांटा के सामने मुख्य सड़क पर वह बाथरूम करने के लिए उतरे। उनका साथी आकाश कार में चालक सीट पर बैठा था।
इसी दौरान एक्टिवा जैसी गाड़ी से तीन युवक वहां पहुंचे और रास्ता पूछने लगे। इनमें से दो युवक नीचे उतरे। एक ने कार की चाबी निकाल ली, जबकि दूसरे ने चाकू और छोटी बंदूक जैसी वस्तु दिखाकर दोनों को कार से उतार दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर खजरी-खिरिया बायपास की ओर भाग निकले। कार में सोने-चांदी के जेवर, करीब 5 लाख 17 हजार रुपये नकद और सैमसंग कंपनी का मोबाइल रखा हुआ था।

रिपोर्ट पर थाना अधारताल में अपराध क्रमांक 1116/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर तत्काल वायरलेस और टेलीफोन के माध्यम से सूचना प्रसारित कर नाकेबंदी एवं वाहन चेकिंग कराई गई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी लूटी गई कार, जिसमें जेवर और नकदी रखी थी, को कटंगी बायपास-कटंगी रोड पर पुल के नीचे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार सहित जेवर, नकदी और मोबाइल बरामद कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई से प्रभावित होकर 16 नवंबर को सराफा एसोसिएशन के राजा सराफ एवं अन्य सदस्यों ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, सीएसपी अधारताल राजेश्वरी कौरव, सीएसपी गोहलपुर शशांक सिंह, थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह, केशरीनंदन राय, मदनलाल बिहूनिया, प्रधान आरक्षक सुग्रीव तिवारी, महेन्द्र बिष्ट, वेदप्रकाश, ब्रह्मदत्त तिवारी, आरक्षक मानवेन्द्र, अंकुर मिश्रा, लीलेश झारिया, उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह आर्मो, सहायक उपनिरीक्षक योगेश तिवारी, रामप्रकाश दुबे, प्रधान आरक्षक आदित्य प्रताप, पारसनाथ पाठक तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक कपूर सिंह शामिल रहे।