जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी पप्पू कंजा गिरफ्तार, चाकू बरामद

जबलपुर। कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू भी बरामद किया है। आरोपी लार्डगंज थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।
कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि बीती 9 नवंबर को हर्षित अग्रवाल पर बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया।