जबलपुर। जिले में चाकू की नोक पर लूट और मोबाइल छिनैती की तीन वारदातें सामने आई हैं। पनागर में निजी बैंक के मैनेजर से बदमाशों ने करीब 90 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। दूसरी घटना में चंडी मेला देखकर लौट रहे युवक और उसके साथी को चार बदमाशों ने चाकू और हथियार की नोक पर रोककर नकदी व मोबाइल छीन लिया। वहीं सिविल लाइन क्षेत्र में हॉस्टल जा रही युवती का करीब 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बाइक सवार बदमाश छीनकर फरार हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
**बैंक मैनेजर से 89,929 रुपये की लूट**
पनागर पुलिस ने बताया कि पनागर निवासी भोले यादव क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड, बैंगलोर के पनागर ब्रांच कार्यालय में मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। शुक्रवार को वह टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल से किस्त कलेक्शन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में गए थे। ग्राम रिठौरी, छितरी, तिलगवां और गाजर से समूह के सदस्यों से कुल 89 हजार 929 रुपये की किस्त वसूलकर बैग में रखकर पनागर लौट रहे थे।
गत दिवस दोपहर करीब 1:30 बजे तिलगवां और एलपीआर के बीच मुख्य मार्ग पर टर्निंग के पास बिना नंबर की ग्रे रंग की स्कूटी खड़ी थी। वहां तीन युवक मौजूद थे। एक युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। संदेह होने पर उन्होंने बाइक निकालने का प्रयास किया, तभी एक बदमाश ने बाइक की चाबी निकाल ली और दूसरे ने चाकू अड़ाकर बैग देने की धमकी दी। बदमाश बैग में रखे 89 हजार 929 रुपये और उनका मोबाइल लूटकर एलपीआर की ओर फरार हो गए।
**चंडी मेला देखकर लौट रहे युवक से 47,650 रुपये लूटे**
दूसरी घटना में भरदा निवासी रूपेश बर्मन ने पुलिस को बताया कि वह बोरवेल का काम करता है। शुक्रवार को वह अपने साथी अनुज रजक के साथ पड़रिया चंडी मेला देखने गया था। वहां से काम के सिलसिले में निपनिया जाने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:15 बजे ग्राम भरदा में बड़गैया वेयरहाउस के पास पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार युवक आए और उनका रास्ता रोक लिया।
एक बदमाश ने रूपेश को चाकू अड़ा दिया और स्मगलिंग करने का आरोप लगाते हुए धमकाने लगा। इसके बाद चारों बदमाशों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके पास रखे रुपये छीनने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने चाकू से रूपेश की जांघ के पास हमला किया, जबकि दूसरे ने कट्टे की बट जैसी वस्तु से उसके सिर पर वार किया। अनुज के सिर पर भी किसी वस्तु से हमला किया गया। बदमाश रूपेश की जेब से 44 हजार 750 रुपये, अनुज के पास से 2 हजार 900 रुपये और मोटोरोला कंपनी का एच-17 फ्यूजन मोबाइल छीनकर जलगांव-निपनिया की ओर भाग गए।
**हॉस्टल जा रही युवती का मोबाइल छीना**
तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार सिवनी निवासी रजनी सल्लाम लता गर्ल्स हॉस्टल से रैपिडो ऑटो से अपने हॉस्टल लौट रही थी। रास्ते में ओटीपी बताने के लिए उसने बैग से मोबाइल निकाला। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवक उसका करीब 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।