साइबर ठगों ने चार लोगों को बनाया निशाना, 1.84 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी

जबलपुर। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी से लेकर मजदूर उपलब्ध कराने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी तक, ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। जिले के अलग-अलग थानों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के चार मामले सामने आए हैं। इनमें ठगों ने लोगों से हजारों रुपये की रकम हड़प ली। पुलिस ने सभी मामलों में धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी पहचान बताकर खाते से उड़ाए 33,996 रुपये

विजय नगर थाना क्षेत्र में शारदा मंदिर के पास माढ़ोताल निवासी हरिवती मरावी (24) ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। शिकायत के मुताबिक 24 अक्टूबर 2026 को उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 33 हजार 996 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। अज्ञात व्यक्ति ने कथित रूप से गलत पहचान और जाली दस्तावेज अथवा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उन्हें भ्रमित किया और रकम हड़प ली।

इंस्टाग्राम पर फर्जी कपड़ों का पेज बनाकर 53 हजार की ठगी

गोरखपुर थाना क्षेत्र में कपड़ों का ऑनलाइन कारोबार करने वाले मिकाइल मरावी (25) के साथ 53 हजार 462 रुपये की धोखाधड़ी हुई। फरियादी की हीरा स्वीट्स के सामने कपड़े की दुकान है। उसने इंस्टाग्राम पर ‘ट्रेंड आउटफिट केरला’ नाम से बने पेज पर कपड़ों की जानकारी देखकर 29 अक्टूबर को ऑर्डर किया था।

29 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में फरियादी और उसकी बहन के एसबीआई खातों से कुल 53 हजार 462 रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके बावजूद कपड़ों की डिलीवरी नहीं हुई। उल्टा अज्ञात मोबाइल धारक द्वारा फोन कर लगातार और पैसों की मांग की जाने लगी। ठगी का अहसास होने पर फरियादी ने पुलिस से शिकायत की।

मजदूर भेजने के नाम पर फर्जी ट्रेन टिकट थमाई, 32 हजार रुपये ऐंठे

गोरखपुर थाना क्षेत्र के सेठीनगर गुप्तेश्वर निवासी रघुवीर अहिरवार (34) को गन्ने की कटाई के लिए मजदूरों की जरूरत थी। उन्होंने जस्ट डायल के माध्यम से मजदूरों की तलाश की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने असम से फोन कर 15 मजदूर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया और ट्रेन टिकट के लिए रुपये मांगे।

आरोपी ने व्हाट्सएप पर ट्रेन टिकट भेजी, जिसके बाद फरियादी ने दिए गए क्यूआर कोड पर सात हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन आरोपी ने ट्रेन में गैस टंकी के कारण टीटीई द्वारा चालान किए जाने और जेल भेजने की धमकी का बहाना बनाकर तीन किस्तों में 25 हजार 500 रुपये और ले लिए। इसके बाद फिर 49 हजार रुपये की मांग की गई। संदेह होने पर फरियादी ने रेलवे स्टेशन जाकर टिकट की जांच कराई, जहां टिकट फर्जी निकली। मजदूर भेजने के नाम पर कुल 32 हजार रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है।

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 65 हजार 500 रुपये ऐंठे

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पश्चिम मध्य रेलवे में निजी सचिव के पद पर पदस्थ प्रशांत कुमार साहू (50) साइबर ठगी का शिकार हो गए। शिकायत के अनुसार 12 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने आपत्तिजनक वीडियो देखने की बात कहकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और यूपीआई के माध्यम से पहले 25 हजार 500 रुपये तथा फिर 40 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

—

90 लाख के बैंक ऋण में फर्जी गारंटर बनाकर 75 लाख हड़पे

आधार-पैन कार्ड में नाम और फोटो की कूटरचना कर बैंक को लगाया चूना,

**जबलपुर।** बैंक से करोड़ों रुपये का ऋण हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेज और दूसरे व्यक्तियों की पहचान का इस्तेमाल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने कथित रूप से आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम व फोटो की कूटरचना कर दो व्यक्तियों का प्रतिरूपण किया और बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया। जांच में सामने आया कि स्वीकृत राशि में से 75 लाख रुपये प्राप्त कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

### बिना जानकारी के बना दिया 90 लाख के ऋण का गारंटर

गोहलपुर थाना क्षेत्र के नया पुल, नालबंद मोहल्ला निवासी दिलदार हुसैन (63) ने शिकायत में बताया कि उन्हें बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा की ओर से 30 दिसंबर 2025 को सूचना पत्र और 2 जनवरी 2026 को विधिक नोटिस मिला। इसमें उन्हें मेसर्स ए.बी.एस. काम नामक पार्टनरशिप फर्म के 90 लाख रुपये के ऋण में गारंटर बताया गया था।

फरियादी का कहना है कि उन्होंने न तो कभी इस फर्म के लिए गारंटी दी और न ही बैंक में अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयकर रिटर्न अथवा संपत्ति संबंधी कोई दस्तावेज जमा किए। इसके बावजूद उन्हें ऋण का गारंटर दर्शा दिया गया।

दूसरे की जमीन पर भी फर्जी ऋण का मामला आया सामने

शिकायत में एक अन्य घटनाक्रम का भी उल्लेख किया गया है। 23 दिसंबर 2025 को कुछ बैंक कर्मचारी ग्राम खैरी, तहसील पनागर स्थित एक प्लॉट पर पहुंचे थे। यह प्लॉट फरियादी द्वारा पूर्व में श्रीमती मोनिका ताम्रकार को विक्रय किया जा चुका था, जिस पर गोदाम बना हुआ है।

बैंक कर्मचारियों ने कथित तौर पर गोदाम वाले प्लॉट पर 70 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी दी। इस दौरान वैल्यूएशन रिपोर्ट और ऋण लेने वाले की फोटो भी दिखाई गई। रिपोर्ट में दिलदार हुसैन का नाम और पता दर्ज था, जबकि फोटो किसी अन्य व्यक्ति की थी। इसके बाद फरियादी ने विभिन्न थानों और संबंधित बैंक में शिकायत की।

जांच में तीन आरोपियों की भूमिका सामने आई

पुलिस जांच में बैंक से प्राप्त दस्तावेजों और गवाहों के कथनों के आधार पर तीन आरोपियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। इनमें बाबी खान निवासी न्यू आनंद नगर आधारताल, जमील अली निवासी बड़ा मदार छल्ला और मोहम्मद हबीब निवासी गोहलपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित आपराधिक षड्यंत्र के तहत आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम तथा फोटो की कूटरचना की। जमील अली को कथित वकील अहमद और मोहम्मद हबीब को कथित दिलदार हुसैन के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस तरह फर्जी पहचान के आधार पर बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया और 75 लाख रुपये प्राप्त कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में बैंक के दस्तावेजों और ऋण प्रक्रिया की जांच की जा रही है।