जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सफाई मित्रों और शहरवासियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अब देश में स्वच्छता की मिसाल दी जाएगी तो उसमें जबलपुर का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा। यह उपलब्धि सफाई मित्रों के समर्पण, मेहनत और नागरिकों की सहभागिता का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में यहां के स्वच्छता कर्मियों का अथक परिश्रम महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा अभियान है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ाने और शहर को देश में स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान पर पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
मजबूत होगा अपशिष्ट प्रबंधन……
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। शहर में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से 75 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए जबलपुर नगर निगम को अपनी ओर से राशि खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी।
जबलपुर को मिलेंगे 182 सीएनजी वाहन………
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जबलपुर में सीएनजी वाहनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पहले 102 सीएनजी वाहनों की स्वीकृति दी गई थी, अब जबलपुर को कुल 182 सीएनजी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
सफाई मित्रों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता……….
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। सफाई मित्रों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने सफाई मित्रों से आयुष्मान कार्ड बनवाने का आग्रह किया, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
जबलपुर को मिलेंगी विकास की नई सौगातें………
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जबलपुर से भोपाल और भोपाल से इंदौर तक प्रस्तावित इकोनॉमिक कॉरिडोर से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जबलपुर में सरकारी विश्वविद्यालय की सौगात भी दी गई है। आरजीपीवी के पुनर्गठन के तहत जबलपुर को विश्वविद्यालय मिला है। इसके अलावा फर्नीचर क्लस्टर के विकास की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से जबलपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के योगदान का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जबलपुर को मिली विकास संबंधी सौगातों के लिए उन्हें बधाई दी।
महापौर ने उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों और नागरिकों को दिया…………..
महापौर जगत बहादुर सिंह ने कहा कि जबलपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त होना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन, सफाई मित्रों के समर्पण एवं परिश्रम तथा शहरवासियों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और सफाई मित्रों के साथ नागरिकों की सहभागिता ने इन प्रयासों को मजबूती प्रदान की है। महापौर ने जबलपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
सफाई मित्रों पर पुष्प वर्षा कर किया सम्मान………..
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सफाई मित्रों की सेवाओं और समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतीकात्मक रूप से सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं नमस्ते योजना अंतर्गत सुरक्षा किट का वितरण किया गया तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, डॉ. अभिलाष पांडे एवं नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, जेडीए उपाध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, सहित कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, नगर निगम कमिश्नर अग्रिम कुमार, एम आईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, डॉ. सुभाष तिवारी, श्रीमति अंशुल राघवेंद्र यादव, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।