ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में बड़ा हादसा, मशीन की चपेट में आने से कर्मचारी की उंगली कटी

जबलपुर। शहर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में काम के दौरान एक गंभीर औद्योगिक हादसा सामने आया है। फैक्ट्री के ए-4 सेक्शन में बम के हिस्से ब्लास्टिक कैप के निर्माण के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तेजभान का हाथ अचानक चलती कम्पोनेंट मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उनके हाथ की एक उंगली कटकर अलग हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, ए-4 सेक्शन में उत्पादन प्रक्रिया के दौरान कर्मचारी तेजभान अपने निर्धारित कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान उनका हाथ अचानक मशीन की चपेट में आ गया। मशीन के दबाव से उनकी एक उंगली कट गई। घटना होते ही मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्काल मशीन बंद की और घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।हादसे के बाद फैक्ट्री के संबंधित सेक्शन में सुरक्षा व्यवस्था और मशीन संचालन की प्रक्रिया को लेकर समीक्षा शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। तकनीकी स्तर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और मशीन संचालन के दौरान कहां चूक हुई।
घायल कर्मचारी का अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी घायल के स्वास्थ्य की जानकारी लेने और परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है।रक्षा उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण इकाई में हुए इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा और कर्मचारियों की कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत को सामने ला दिया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में दुर्घटना के वास्तविक कारण क्या सामने आते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रबंधन क्या कदम उठाता है।