जबलपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में संस्कारधानी जबलपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को द्वितीय स्थान का राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने ग्रहण किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महापौर और दोनों निगमायुक्तों को बधाई दी है। जबलपुर की इस उपलब्धि के पीछे नगर निगम की कार्ययोजना, अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रियता, सफाई मित्रों का समर्पण और नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। कचरे का वैज्ञानिक निष्पादन, नियमित मैदानी निगरानी, रात्रिकालीन सफाई और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों ने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
22वें स्थान से दूसरे पायदान तक का सफर……..
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने पदभार ग्रहण करते समय जबलपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया था। उस समय स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर 22वें स्थान पर था। इसके बाद जबलपुर ने 13वें, फिर पांचवें और अब दूसरे स्थान तक का सफर तय किया है। महापौर ने इस उपलब्धि को पूरे शहर की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया है।
वेस्ट टू एनर्जी प्लांट से कचरा प्रबंधन को मिली गति………..
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नवंबर-दिसंबर 2025 में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का संचालन शुरू कराया गया। इसके बाद जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 के दौरान लगभग 3.5 लाख टन कचरे की प्रोसेसिंग की गई। पुराने कचरे के ढेरों को हटाकर लगभग 17 एकड़ भूमि को भी कचरा मुक्त कराया गया। इससे कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
थ्री-आर सेंटरों से पुनः उपयोग को बढ़ावा………..
नगर निगम ने रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल की अवधारणा पर थ्री-आर सेंटर स्थापित किए। इन केंद्रों में बुक बैंक, खिलौना बैंक और कपड़ा बैंक जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गईं। इनके माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने और संसाधनों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित किया गया।
सड़कों, नालियों और डिवाइडरों की व्यवस्था सुधारी….
शहर की स्वच्छता को व्यापक स्वरूप देने के लिए सड़कों, रोड डिवाइडरों और नालियों की व्यवस्था दुरुस्त की गई। विभिन्न क्षेत्रों में पेवर ब्लॉक लगाए गए तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने पर ध्यान दिया गया। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए मैदानी स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई।
सुबह 6 बजे से निरीक्षण, रात में भी सफाई……
स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए निगमायुक्त सुबह छह बजे से ही शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। नियमित मॉनिटरिंग के साथ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, प्रमुख मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों में नाइट स्वीपिंग को प्रभावी बनाया गया, ताकि दिन के साथ रात में भी सफाई व्यवस्था बनी रहे।
स्पॉट फाइन और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई……..
सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध पूरे वर्ष स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर प्लास्टिक जब्त की गई। इन प्रयासों के जरिए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया गया।
अब देश में नंबर वन बनने का लक्ष्य……
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि 22वें स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना पूरे जबलपुर की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। इसमें शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह पुरस्कार केवल नगर निगम का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे संस्कारधानी परिवार का गौरव है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अब जबलपुर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने इस सम्मान को संस्कारधानी के प्रत्येक नागरिक को समर्पित किया।
समारोह में निगमाध्यक्ष रिंकू विज, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, उपायुक्त संभव अयाची सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अग्रिम कुमार और पूरी टीम के योगदान की सराहना करते हुए सफाई मित्रों के अथक परिश्रम को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।