दीपावली पर कार, मकान, दुकान और लकड़ी के टाल में लगी आग, कई इलाकों में एक के बाद एक सामने आईं अग्नि दुर्घटनाएं, अंधेरदेव की जरी-गोटे की दुकान में लाखों का सामान खाक


जबलपुर। दीपावली का त्योहार जहां शहरवासी रोशनी और आतिशबाजी के बीच मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर आग की घटनाओं ने कई इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। रविवार को दिन से लेकर देर रात और सोमवार की सुबह तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। कहीं खड़ी कार आग का गोला बन गई तो कहीं मकान, फल की दुकान, साइकिल दुकान और लकड़ी के टाल में आग भड़क उठी। सबसे बड़ी घटना अंधेरदेव के मुख्य बाजार में जरी-गोटे की दुकान में हुई, जहां दुकान का चौथा तल आग की चपेट में आ गया और लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

सिविल लाइन में कार बनी आग का गोला………

दीपावली की रात सिविल लाइन थाना के पीछे सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

अमखेरा में मकान और साइकिल दुकान में आग…….

अमखेरा-कुदवारी क्षेत्र में देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसी क्षेत्र के सुशीला परिसर स्थित साइकिल दुकान में भी आग लग गई। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक साइकिलें और दुकान में रखा अन्य सामान जल गया।

गंगासागर में लकड़ी के टाल में भड़की आग……

गंगासागर क्षेत्र में लकड़ी के टाल में आग लगने से हड़कंप मच गया। लकड़ी होने के कारण आग फैलने की आशंका बढ़ गई थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।

दमोहनाका में घर की छत पर रखे टायरों में लगी आग…..

दमोहनाका के पास एक मकान की छत पर रखे टायरों में आग लग गई। टायरों के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर कचरे के ढेर में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं।

अंधेरदेव की जरी-गोटे की दुकान में भीषण अग्निकांड…..

दीपावली की रात करीब 3 बजे लार्डगंज थाना क्षेत्र के तुलाराम चौक के पास अंधेरदेव मेन मार्केट स्थित विनोद जरी-गोटा की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान में जरी, लेस, डोरी और अन्य सजावटी सामान का थोक एवं फुटकर कारोबार होता है। आग दुकान के चौथे तल तक फैल गई और वहां रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
दुकान संचालक विनोद कुमार को पुलिस के माध्यम से घटना की सूचना मिली। दमकल विभाग की टीम ने कई दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद से करीब एक घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।

बजरंग नगर में फल के टपरे में आग….

दीपावली के दिन दोपहर करीब 3 बजे मेडिकल बजरंग नगर में बरगी हिल्स निवासी दिलीप कुमार की फल की टपरेनुमा दुकान में आग लग गई। टपरे से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन दुकान में रखे फल और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।

दमोहनाका में मकान की गृहस्थी जली………

दमोहनाका स्थित खिन्नी मोहल्ले में रविवार सुबह सुखलाल चौधरी के मकान में आग लग गई। आग से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज और गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।

उखरी के पास कार में आग …..

अधारताल थाना क्षेत्र के उखरी के पास दीपावली की रात करीब 12:30 बजे सड़क किनारे खड़ी एक कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार से ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। प्रारंभिक जानकारी में लापरवाही से की गई आतिशबाजी के कारण कार में आग लगने की आशंका जताई गई है।

दमकल विभाग के सामने रही चुनौती…

दीपावली के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आग लगने की सूचनाएं मिलने के कारण दमकल विभाग की टीमों को लगातार मोर्चा संभालना पड़ा। कई स्थानों पर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं टल गईं।