भाई की हत्या के आरोपियों.. को सामने देख बहन का फूटा गुस्सा, पत्थर लेकर दौड़ी, 7 आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, परिजनों ने घेरकर हमला करने की कोशिश

जबलपुर। दीपावली की रात जुए के विवाद और पुरानी रंजिश ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चाकुओं से किए गए हमले में दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को जब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को वारदात स्थल पर लेकर पहुंची और घटनाक्रम की तस्दीक कराते हुए उन्हें पैदल कांचघर तक ले गई, तो वहां मौजूद मृतकों के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। हत्यारों को सामने देखते ही परिजन खुद पर काबू नहीं रख सके। किसी ने आरोपितों को घेरने की कोशिश की तो मृतक की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर उनकी ओर दौड़ पड़ी। उसकी जुबां पर बस एक ही सवाल था—’आखिर तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला?’ हालात बिगड़ते देख पुलिस को आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

टूट पड़ा बहन का सब्र….

मंगलवार को पुलिस सातों गिरफ्तार आरोपितों को लेकर सिद्धबाबा मंदिर के पास पहुंची थी। खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। जैसे ही उनकी नजर आरोपियों पर पड़ी, गुस्सा उबाल पर पहुंच गया। मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपियों की तरफ दौड़ी और बार-बार अपने भाई की हत्या का जवाब मांगती रही। परिजनों ने भी आरोपियों को घेरकर पीटने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाली। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपियों को घटनास्थल से कांचघर तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

आधी रात घात लगाकर किया था हमला….

पुलिस के मुताबिक दीपावली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के कुछ युवक एकत्र हुए थे। यहां जुआ खेलने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसमें पुरानी रंजिश भी जुड़ गई। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार के अनुसार, रात करीब एक बजे कार्तिक और करण अपने दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में पहले से मौजूद युवकों के समूह ने उन्हें घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में कार्तिक और करण पासी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

मुख्य आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड…..

इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी 21 वर्षीय प्रिंस चौधरी सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। घमापुर पुलिस ने सोमवार रात इनकी गिरफ्तारी की थी। मंगलवार को सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक कार्तिक और मुख्य आरोपी प्रिंस के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। प्रिंस के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली सहित शहर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

3 आरोपी अभी भी फरार….

वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इन्हें नाबालिग बताया जा रहा है। इनकी तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सीएसपी शशांक गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।