जबलपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जबलपुर रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। 2 से 8 नवंबर के बीच रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से जहां यात्रियों का लाखों रुपये का खोया सामान वापस मिला, वहीं गांजा तस्करी, अवैध टिकट दलाली और चोरी के प्रयासों पर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर रही महिला यात्री को आरक्षक ने अपनी जान की परवाह किए बिना सुरक्षित बचा लिया।
लाखों का सामान यात्रियों को लौटाया………
रेलवे सुरक्षा बल के ऑपरेशन अमानत के तहत दो यात्रियों का कीमती सामान बरामद कर उन्हें वापस किया गया। ट्रेन संख्या 15205 के कोच एस-6 की बर्थ नंबर 35 पर छूटा करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का सैमसंग गैलेक्सी एस-23 मोबाइल बरामद किया गया। वहीं ट्रेन संख्या 01709 के कोच एस-02 की बर्थ नंबर 71 पर छूटा लगभग 79 हजार रुपये मूल्य का एप्पल मैकबुक और कपड़ों से भरा बैग भी सुरक्षित मिला। पहचान और सत्यापन के बाद दोनों यात्रियों को उनका सामान सौंप दिया गया।
3 कार्रवाइयों में 26 किलो से ज्यादा गांजा जब्त….
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। चार नवंबर को जबलपुर स्टेशन पर एक व्यक्ति के कब्जे से 4.145 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 3 हजार 625 रुपये आंकी गई। इसी दिन दमोह स्टेशन पर एक महिला और दो नाबालिगों से 7.845 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई। पांच नवंबर को गाडरवारा स्टेशन पर तीन महिलाओं के पास से 14.360 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 59 हजार रुपये है। तीनों मामलों में संबंधित राजकीय रेलवे पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
टिकटों की कालाबाजारी करते एक व्यक्ति को पकड़ा….
ऑपरेशन उपलब्ध के तहत चार नवंबर को दमोह आरक्षण केंद्र पर अवैध टिकट दलाली का मामला पकड़ा गया। जांच के दौरान एक व्यक्ति यात्रियों से प्रति टिकट 200 से 300 रुपये अतिरिक्त लेकर आरक्षित टिकट बनाते हुए मिला। उसके कब्जे से तीन रेलवे टिकट और पांच आरक्षण फॉर्म बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मोबाइल चोरी की कोशिश नाकाम….
पांच नवंबर को जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक यात्री का मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहे व्यक्ति को रेलवे सुरक्षा बल ने पकड़ लिया। उसके पास से दो लावारिस मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 23 हजार रुपये बताई गई। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी जबलपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
बुजुर्ग महिला को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया….
ऑपरेशन डिग्निटी के तहत पांच नवंबर को ट्रेन संख्या 12539 के कोच बी-3 में यात्रा कर रही करीब 65 वर्षीय महिला को जबलपुर स्टेशन पर सुरक्षित उतारकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया। आवश्यक जानकारी और पहचान की पुष्टि के बाद स्टेशन पहुंची उनकी पुत्री को महिला सुरक्षित सौंप दी गई।
पटाखों की अवैध ढुलाई पर कार्रवाई….
दीपावली के दौरान रेल मार्ग से पटाखों की अवैध ढुलाई रोकने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सतर्क के तहत छह नवंबर को मालखेड़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक व्यक्ति के पास से 14 पैकेट पटाखे बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 3,100 रुपये बताई गई। पटाखे जब्त कर आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 164 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरक्षक की बहादुरी से बची महिला यात्री की जान….
रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता का सबसे सराहनीय उदाहरण छह नवंबर को कटनी स्टेशन पर देखने को मिला। ट्रेन संख्या 15206 के रवाना होने के दौरान महिला यात्री फूलवती चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगीं। ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक कमलेश कुमार तिवारी ने तत्काल साहस और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को सुरक्षित खींच लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।
घर से नाराज होकर निकले नाबालिग को संरक्षण….
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत सात नवंबर को दमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के दौरान एक नाबालिग बालक अकेले बैठा दिखाई दिया। रेलवे सुरक्षा बल के जवान उसे सुरक्षित चौकी लेकर आए। पूछताछ में पता चला कि वह परिजनों से नाराज होकर घर से निकल आया था। इसके बाद स्थानीय पुलिस और बाल कल्याण समिति से समन्वय कर बालक को बाल कल्याण समिति की सदस्य के सुपुर्द किया गया।
संयुक्त कार्रवाई से अपराधों पर अंकुश……
रेल मंडल में चलाए गए इन अभियानों में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, अपराध खुफिया शाखा और अन्य रेलकर्मियों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, रेल परिसरों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।