दीपावली की खुशियों पर खूनी वार…! शहर में अलग-अलग वारदातों में 4 युवकों की हत्या, घमापुर में चाकूबाजी से दो युवकों की मौत, गोरखपुर के सेठीनगर में एक युवक की हत्या



जबलपुर। दीपावली का त्योहार शहर में कई परिवारों के लिए खुशियों के बजाय जिंदगी भर का दर्द दे गया। रोशनी और उल्लास के पर्व के दौरान शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुई चाकूबाजी की वारदातों में चार युवकों की हत्या कर दी गई। घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित नई बस्ती में दो युवकों कार्तिक चौधरी और करण पासी की जान चली गई, वहीं गोरखपुर थाना क्षेत्र के सेठीनगर में बदमाश आदित्य बेन उर्फ अड्डू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इसी प्रकार गौरीघाट के ग्राम छिवला में मामूली विवाद पर एक युवक की हत्या कर दी गई| इन चार हत्याओं की इन घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और आपराधिक तत्वों की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांचघर में खूनी संघर्ष, दो युवकों की मौत….

घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया की नई बस्ती में दीपावली की रात पुरानी रंजिश और विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविदास मंदिर के पास जुआ खेलने के दौरान युवकों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी शुरू हो गई। आरोपियों ने कार्तिक चौधरी और करण पासी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल करण ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो युवकों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में प्रिंस चौधरी और उसके साथियों सहित कुल 10 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश और विवाद इस वारदात की वजह माने जा रहे हैं। मामले में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सेठीनगर में चाकू मारकर आदित्य की हत्या….

इधर, गोरखपुर थाना क्षेत्र के सेठीनगर में सोमवार को एक अन्य खूनी वारदात सामने आई। यहां पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में आदित्य बेन उर्फ अड्डू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि आरोपी केशु बेन के साथ उसका विवाद हुआ था। कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमत के मुताबिक पुलिस ने आरोपी केशु बेन को पकड़ लिया है। टीआई ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ थाने में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या की वजह सामने आई है। पुलिस आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

चार हत्याओं से शहर में सनसनी….

दीपावली के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन चार हत्याओं ने शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां लोग परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर चार परिवारों के घरों में मातम पसर गया। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं यह सवाल भी खड़ा कर रही हैं कि शहर में आपराधिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं। अब पुलिस के सामने ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती है।

छिवला में युवक की हत्या……

इसी प्रकार गौरीघाट थाना अतंर्गत ग्राम छिवला में सामुदायिक भवन के सामने एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक रंजीत की भाभी आशा के मुताबिक, नरू और बल्लू उर्फ गुल्लू नामक युवक वहां लगातार गाली-गलौज कर रहे थे। मौके पर बच्चे भी मौजूद थे। बच्चों के सामने इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर रंजीत ने उन्हें समझाइश दी और घर के पास ऐसा नहीं करने को कहा।
बताया जाता है कि रंजीत की समझाइश आरोपियों को नागवार गुजरी और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने रंजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने छिवला निवासी गुल्लू गौड़ एवं नर्रू उर्फ नरेश गौंड़ दोनों के विरूद्ध धारा 103(1), 296(ए), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।