कटनी-सिवनी में आग का तांडव, दो परिवारों के 12 लोगों की दर्दनाक मौत

जबलपुर। दीपावली की जगमगाती रात जब पूरा प्रदेश रोशनी और खुशियों के उत्सव में डूबा था, उसी अमावस की रात कटनी और सिवनी के दो परिवारों के लिए जिंदगी की सबसे भयावह रात बन गई। तीन मंजिला मकानों में भड़की आग ने देखते ही देखते ऐसा विकराल रूप लिया कि दोनों परिवारों के 12 लोगों की जिंदगी आग की लपटों में समा गई। मरने वालों में महिलाएं, पुरुष और मासूम बच्चे तक शामिल हैं।एक तरफ सिवनी के छपारा में आधी रात के बाद जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब आग ने घर को घेर लिया। दूसरी तरफ कटनी के बरही में रात करीब 11:30 बजे आग लगी। यहां परिवार के लोग जाग रहे थे और अपनी आंखों के सामने घर को आग में घिरता देख रहे थे, लेकिन दमकल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, फायर ब्रिगेड का पाइप फटा हुआ था, जिसके चलते पानी तीसरी मंजिल तक नहीं पहुंच पाया। बचाव की कोशिशें होती रहीं, लेकिन देखते ही देखते पूरा परिवार तबाह हो गया।

सिवनी: नींद में सोते परिवार पर टूटा मौत का कहर

जबलपुर संभाग के सीमावर्ती जिले सिवनी के छपारा नगर स्थित महावीर वार्ड में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

इस हृदयविदारक हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई।

हालांकि पुलिस, दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें मामूली चोटें आईं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

कटनी: फायर ब्रिगेड की व्यवस्था पर उठे सवाल, छह जिंदगियां खत्म

कटनी जिले के बरही में भी दीपावली की रात एक तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में आ गई। रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग भड़की और देखते ही देखते ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।

इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम की मौत हो गई।

रातभर परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के पांच अन्य सदस्यों को बाहर निकाला गया। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस घटना ने दमकल व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर फायर ब्रिगेड के क्षतिग्रस्त पाइप के साथ पहुंचने और तीसरी मंजिल तक पानी नहीं पहुंच पाने की बात सामने आई है। यदि यह जानकारी सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय होना बेहद जरूरी है।

जबलपुर में भी आग की घटनाएं, गनीमत रही नहीं गई जान

दीपावली की रात जबलपुर भी अग्नि दुर्घटनाओं से अछूता नहीं रहा। अंधेरदेव स्थित विनोद जरी गोटा की दुकान, सिविल लाइन में कार, गंगासागर गढ़ा में लकड़ी टाल और कुदवारी अमखेरा में साइकिल की दुकान सहित शहर के करीब एक दर्जन स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।

रोशनी के त्योहार पर अंधेरा छोड़ गया बड़ा सवाल

कटनी और सिवनी की घटनाएं सिर्फ दो अग्नि दुर्घटनाएं नहीं हैं, बल्कि अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन तैयारियों और दमकल व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों, दुकानों और बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम कितने प्रभावी हैं, दमकल वाहनों और उनके उपकरणों की जांच कितनी नियमित होती है और आपदा के समय बचाव व्यवस्था कितनी सक्षम है—इन सवालों के जवाब अब जरूरी हो गए हैं।