गोसलपुर से सिहोरा तक कलेक्टर ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा


जबलपुर। जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सिहोरा विकासखंड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों, शासकीय संस्थानों और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एसडीएम ज्योति परस्ते सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

गोसलपुर में स्वामित्व योजना की प्रगति देखी……

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत गोसलपुर पहुंचकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसलपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से एक वर्ष तक के बच्चों के नियमित टीकाकरण की व्यवस्था की जानकारी ली। बच्चों की ट्रैकिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा निर्धारित टीकाकरण से वंचित न रहे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की नवनिर्मित बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया।

आंगनवाड़ी में बच्चों की प्रतिभा परखी………

ग्राम पंचायत कछपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों से संवाद किया। उन्होंने चित्रों और शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से बच्चों से सवाल पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का जायजा लिया। बच्चों के जवाबों और पढ़ाने के रोचक तरीके की सराहना करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को इसी तरह गतिविधि आधारित शिक्षण जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

तहसील भवन के निर्माण में व्यवस्थाओं का लिया जायजा……..

सिहोरा-मझौली मार्ग पर ग्राम पोंडा में निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने भवन के मुख्य प्रवेश द्वार, सड़क के लेवल, आवागमन की व्यवस्था और कोर्ट रूम सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सांदीपनि विद्यालय में स्मार्ट क्लास और लैब देखी……

कलेक्टर ने सिहोरा स्थित नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट क्लास और प्रयोगात्मक लैब का अवलोकन किया। भवन में शेष फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने तथा विद्यालय को जल्द शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

जनपद पंचायत के नए भवन की गुणवत्ता पर जोर…….

सांदीपनि विद्यालय के सामने निर्माणाधीन जनपद पंचायत के नए भवन का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।