स्मैक तस्करी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 14.44 ग्राम स्मैक जब्त, गोटेगांव से जुड़े तार**

जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच, तिलवारा और गोहलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.44 ग्राम स्मैक, चार मोबाइल फोन, 17 हजार 600 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में स्मैक की सप्लाई के तार नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

**ब्रेजा कार में सवार दो युवक स्मैक के साथ पकड़े गए**

तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के मुताबिक, 3 नवंबर को क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम जोधपुर पड़ाव के पास वाहन चेकिंग के दौरान चरगवां की ओर से आ रही लाल रंग की ब्रेजा कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 0401 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक कार मोड़कर भागने लगा, लेकिन पीछा कर कार को रोक लिया गया।

कार में सवार दो युवकों की पहचान राहुल साहू (31), निवासी गोपाल मंदिर, गोहलपुर और विकास पटेल (30), निवासी गंज खमरिया (बोरिया), कटंगी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर राहुल के पास कागज की पुड़िया में स्मैक, दो मोबाइल और 10 हजार 200 रुपये नकद मिले। वहीं विकास के पास से स्मैक, एक मोबाइल और 7 हजार 130 रुपये नकद बरामद हुए। दोनों के कब्जे से कुल 11 ग्राम स्मैक मिली।पूछताछ में दोनों ने गोटेगांव निवासी एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर फुटकर बिक्री के लिए लाना बताया। पुलिस ने स्मैक, 17 हजार 330 रुपये, तीन मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया।

**र ग्राहक का इंतजार कर रहा था तीसरा आरोपी**

इसी दिन क्राइम ब्रांच और गोहलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान रद्दी चौकी क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पुलिस देखकर भागने का प्रयास करते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सज्जाद खान (27), निवासी सैय्यद मोहल्ला, बजरंग वार्ड, गोटेगांव जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई।तलाशी लेने पर उसकी शर्ट की जेब में पारदर्शी पन्नी में स्मैक पाउडर मिला। तौल करने पर इसका वजन 3.44 ग्राम निकला। पूछताछ में सज्जाद ने बताया कि वह गोटेगांव नया बाजार निवासी मोनू चौधरी के साथ उसकी लाल रंग की बिना नंबर की सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल से स्मैक बेचने के लिए जबलपुर आया था। दोनों रद्दी चौकी के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को देखकर मोनू चौधरी मौके से फरार हो गया, जबकि सज्जाद पकड़ा गया।पुलिस ने सज्जाद के कब्जे से 3.44 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और 270 रुपये नकद जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार मोनू चौधरी की तलाश कर रही है।

**गोटेगांव से जबलपुर तक फैले नेटवर्क की जांच**

तीनों आरोपियों से बरामद स्मैक की कुल मात्रा 14.44 ग्राम है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गोटेगांव से स्मैक की सप्लाई किन लोगों के माध्यम से जबलपुर तक पहुंच रही थी और शहर में इसके खरीददार कौन हैं। फरार आरोपी मोनू चौधरी की तलाश भी की जा रही है।