बैलेंसिंग रॉक की अनदेखी पर प्रशासन सख्त, जल्द होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने दिया आश्वासन


जबलपुर। विश्वप्रसिद्ध प्राकृतिक धरोहर बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। इस ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व के स्थल की कथित उपेक्षा तथा उसके आसपास निर्माण कार्यों को लेकर जनसंगठनों ने प्रशासन के समक्ष चिंता जताई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने आश्वासन दिया है कि बैलेंसिंग रॉक का स्थल निरीक्षण कराया जाएगा, संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


जनसंगठनों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि नगर निगम और पर्यटन निगम द्वारा बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उनका कहना है कि इस प्राकृतिक संरचना से लगभग 20 फीट की दूरी पर निर्माण कार्य कराया गया है, जिससे भविष्य में बैलेंसिंग रॉक को नुकसान पहुंचने की आशंका है। संगठनों ने इस मामले में संबंधित विभागों की भूमिका की जांच कर धरोहर के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट का इंतजार……….

गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह ने बैलेंसिंग रॉक के संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है, लेकिन पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट अब तक प्रस्तुत नहीं की गई है। ऐसे में स्थल की वर्तमान स्थिति, आसपास हुए निर्माण कार्यों और संभावित प्रभावों को लेकर विभागीय रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जनसंगठनों ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों की रिपोर्ट प्राप्त कर मामले में स्पष्ट निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

संरक्षण को लेकर उठे सवाल………..

जबलपुर की पहचान से जुड़े इस अनूठे प्राकृतिक स्थल के संरक्षण को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी। जनसंगठनों की मांग है कि बैलेंसिंग रॉक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और भविष्य में किसी भी संभावित नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस संबंध में हुई चर्चा में डॉ. पीजी नाजपांडे, रजत भार्गव, सुभाष चंद्रा, सुशीला कनौजिया, संतोष श्रीवास्तव, अशोक यादव, यशवंत कोष्टा, घनश्याम सोनकर और राम मिलन शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर….

कलेक्टर के आश्वासन के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभागों की रिपोर्ट कब तक आती है और बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण के लिए जमीन पर क्या कदम उठाए जाते हैं।