मांगे पूरी न होने पर प्रदेश में छा सकता है अंधकार, बिजली अभियंताओं ने किया प्रदेश भर में आंदोलन का शंखनाद


जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ ने कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं की लंबित सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, वेतन विसंगतियों और संवर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन का शंखनाद किया है। संघ के इंजीनियर अशोक जैन एवं निपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बिजली अभियंता विद्युत कंपनियों की रीढ़ हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय पर न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो प्रदेश में अंधकार छा सकता हैं।
इंजीनियर अशोक जैन ने कहा कि मैदानी स्तर पर कार्यरत कनिष्ठ अभियंता विपरीत परिस्थितियों में भी दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं। विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके हितों, सेवा संबंधी समस्याओं एवं न्यायोचित मांगों पर शासन और विद्युत कंपनियों के प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
निपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कनिष्ठ अभियंताओं की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपते समय के.के. असाटी, स्वर्ण सिंह मनकोटिया, सी.के. लखेरा, मनीष चंद्र, उमंग राय, अभिषेक चौकसे, दीपक रजक, अभय पटेल एवं असलम अंसारी सहित बड़ी संख्या में अभियंता उपस्थित रहे। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण तथा 11 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।