तेज आवाज में डीजे बजाने पर 2 के खिलाफ मामला दर्ज, वाहन और साउंड सिस्टम जब्त


जबलपुर। बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में वाहनों सहित डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया है।

गोरखपुर में छह साउंड बॉक्स जब्त………

गोरखपुर थाना पुलिस को 13 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि गोरखपुर बाजार में बंदरिया तिराहे के पास एक लोडिंग वाहन में डीजे साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर 33 वर्षीय नितिन राजपूत निवासी जायसवाल मोहल्ला, गोरखपुर, लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 20 एलबी 0939 में छह डीजे साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते मिला। वह मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के अवसर पर बंदरिया तिराहे से रामपुर चौक की ओर जा रहा था। अनुमति नहीं होने पर पुलिस ने वाहन, छह साउंड बॉक्स और मिक्सर मशीन जब्त कर आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा 7/15 के तहत कार्रवाई की।

बेलबाग पुलिस ने भी की कार्रवाई……….

इसी तरह बेलबाग थाना पुलिस ने 13 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान घमापुर चौराहे के पास तेज आवाज में डीजे बजाते हुए टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडजे 3631 को रोका। वाहन चालक 23 वर्षीय सुमित मसराम निवासी मोहन बिहार कॉलोनी, शाहीनाका, थाना गढ़ा, डीजे बजाने की अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन सहित डीजल जनरेटर, 12 डीजे साउंड बॉक्स, आठ बेस बॉक्स, चार टॉप बॉक्स, पांच एलईडी पार्क लाइट, एक मिक्सर, तीन एम्पलीफायर, एक क्रॉसओवर और 24 वोल्ट की बैटरी जब्त की। आरोपी के विरुद्ध धारा 223 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 के तहत कार्रवाई की गई।