जबलपुर। क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गढ़ा रेलवे स्टेशन के सामने दो युवकों को पांच किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार, रविवार रात 11 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच और तिलवारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गढ़ा रेलवे स्टेशन के सामने दो युवक पीठ पर बैग टांगे पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों अचानक पीछे मुड़कर भागने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान आदित्य पटेल (21) और पीयूष कुशवाहा (22), निवासी नई बस्ती, गोहलपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के बैग में एक-एक पैकेट में गांजा रखा मिला। तौल करने पर कुल पांच किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।
ओडिशा से गांजा लाने की बात बताई
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के कांटाबांजी जिले के बेलपुरा गांव निवासी आमिर नामक व्यक्ति से गांजा लेकर गढ़ा रेलवे स्टेशन पहुंचने की बात बताई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गांजे की आपूर्ति करने वाले कथित व्यक्ति के संबंध में भी आगे की जांच की जा सकती हैं I