जबलपुर। शक्ति की भक्ति का महापर्व नवरात्र 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। भगवती की आराधना के इस वर्ष 10 दिन होगी| महापर्व के प्रथम दिन बैठकी पर देवी देवालयों मंडपों में घट स्थापना के साथ जवारे बोये जाएंगे। इस बार मां गज पर सवार होकर आयेगी|
पूरे नौ दिन तक मां जगदंबे की आराधना भक्त अपनी शक्ति अनुसार करेंगे। इस दौरान शहर भर के देवी मंदिरों को जगमग रोशनी से सजाया गया है। आज बैठकी पर ब्रम्ह मुहुर्त से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। घर मंदिरों तथा दुर्गा पंडालों में पूजा पाठ घट स्थापना के साथ साधना, भक्ति का उजास चौतरफा फैलेगा। इसी के साथ ही व्रत उपवास का क्रम भी प्रारंभ होगा, जो पूरे नौ दिनों तक चलेगा।
मंदिरों में उमड़ेगी श्रद्धा और भक्ति…………
नगर के शक्ति पीठों बड़ी खेरमाई मंदिर, भानतलैया, बूढ़ी खेरमाई, चारखंभा, काली मंदिर सदर, शारदा मंदिर मदनमहल, छोटी खेरमाई दीक्षितपुरा, खेरमाई मंदिर मानस भवन के पीछे, दुर्गा मंदिर गलगला, हरदौल मंदिर गंजीपुरा, बंगलामुखी शक्तिपीठ सिविक सेंटर के अलावा शहर के अन्य दुर्गा मंदिरों में तैयारियां की गई है।
प्रथम दिन, मां शैलपुत्री का पूजन………
नवरात्र के प्रथम दिन भगवती शैलपुत्री के पूजन का विशेष महत्व है। आज के दिन दो वर्ष की कन्या को आमंत्रित कर उनका पूजन किया जाता है। उन्हें मिष्ठान, वस्त्र भेंट किए जाते हैं। आज के दिन असाध्य रोगों की मुक्ति के लिए भगवती का पूजन अवश्य करना चाहिए।
बड़ी महाकाली की स्थापना आज…….
गढ़ाफाटक की प्रसिद्ध बड़ी माता महाकाली की विशाल प्रतिमा आज बैठकी को स्थापित की जायेगी। 14 फुट की महाकाली न बल्कि जबलपुर में बल्कि पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है और दूर-दूर से लोग दर्शन करने आते है, समिति ने बताया कि आज शाम 6 बजे भव्य आयोजन के साथ प्रथम दर्शन का आयोजन किया गया है| श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सभी व्यवस्थाएं की है।
बंगलामुखी मंदिर में अखंड ज्योति कलश की स्थापना……..
शारदेय नवरात्रि के पावन पर्व पर माता बगलामुखी मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन भक्तों द्वारा भगवती की अखंड ज्योति कलश स्थापित होंगी।
बगलामुखी माता के दरबार में 11अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक शारदेय नवरात्रि के पावन पर्व पर बगलामुखी सिद्ध पीठ शंकराचार्य मठ में धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। नवरात्रि के 9 दिन तक प्रातः काल से रात्रि पर्यंत भगवती की आराधना चलेगी सर्वप्रथम प्रातः काल भगवती का श्रृंगार अर्चन किया जाएगा दोपहर में भगवती का पूजन आरती भोग लगाया जाएगा सायंकाल भगवती का श्रृंगार अर्चन एवं रात्रि में महा आरती विशेष पूजन ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद एवं ब्रह्मचारी चैतन्यानंद महाराज द्वारा किया जाएगा यज्ञशाला में भक्तों द्वारा अखंड ज्योति स्थापित की जाएंगी|
रांझी में मनोकामना महाकाली की स्थापना आज …….
रांझी में सोमवार को विधि विधान से मां मनोकामना महाकाली की स्थापना की जायेगी तथा पूरे नौ दिन विभिन्न आयोजन किए जाएंगे,जिसमें प्रतिदिन सुबह 8.00 एवं शाम 7.00 बजे माता की आरती की जाएगी. शनिवार को प्रातः 11 बजे से माता की विदाई विसर्जन शोभायात्रा रांझी दर्शन सिंह तिराहा से निकाली जाएगी जो गौरीघाट कुंड पहुंचेगी| मां मनोकामना महाकाली समिति के सभी कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक धर्म लाभ लेने की अपील श्रद्धालुओं से की है.