जबलपुर। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंधमूक बायपास के पास से शराब से भरी बुलेरो पिकअप जब्त की है। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक वाहन को यू-टर्न लेकर भगाने लगा। पीछा करने पर नेशनल हाईवे स्थित महिंद्रा वर्कशॉप के सामने पिकअप खड़ी कर चालक अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 130 कार्टून में भारी मात्रा में अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर मिली। जब्त शराब की कीमत करीब 9 लाख 80 हजार और बुलेरो की कीमत करीब 9 लाख रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर हुई नाकाबंदी…………
नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एमडी नागोतिया ने बताया कि 6 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बुलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 32 जी 0493 में भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब भरकर पनागर की ओर से नागपुर तरफ ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अंधमूक बायपास पर नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर पिकअप चालक वाहन को मोड़कर कटनी रोड की ओर भागने लगा।
पिकअप में मिली शराब की खेप…………
पुलिस ने पीछा करते हुए माढ़ोताल पुलिस को सूचना दी। चालक ने नेशनल हाईवे पर महिंद्रा वर्कशॉप के सामने वाहन खड़ा किया और साथी के साथ फरार हो गया। पिकअप के पीछे बंधी रस्सी और पीली पन्नी हटाकर तलाशी लेने पर 130 कार्टून मिले।
इनमें गोवा व्हिस्की के 2050 पाव, एमडी व्हिस्की नंबर-1 ओरिजिनल के 336 पाव, एमडी नंबर-1 सेलिब्रेशन रम के 1344 पाव, रॉयल स्टैग व्हिस्की की 36 बोतल और 240 पाव, मैजिक मोमेंट्स जामुन के 288 पाव, आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की के 192 पाव, किंगफिशर के 336 केन, बडवाइजर मैग्नम बीयर के 192 केन तथा 700 पाव देशी शराब बरामद हुई।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश………….
पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त बुलेरो जब्त कर चालक और उसके साथी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।