भोपाल। सुदेश भोंसले नाइट की सफलता के बाद एम-3 ग्रुप भोपाल और एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल की ओर से संगीत प्रेमियों के लिए एक और विशेष संगीतमय शाम का आयोजन किया जा रहा है। 4 अक्टूबर 2026 को शाम 6.30 बजे रविंद्र भवन के हंसध्वनि सभागृह में प्लेबैक सिंगर शब्बीर कुमार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की स्मृति को समर्पित है तथा सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम में इंडियन आइडल और सारेगामा की विजेता इशिता विश्वकर्मा तथा मध्यप्रदेश में ‘वॉयस ऑफ किशोर’ के नाम से प्रसिद्ध अरविंद दयाल शर्मा भी प्रस्तुति देंगे। मुंबई के प्रसिद्ध संगीतकार विक्रमजीत सिंह ‘विक्की’ अपने ‘स्वर विंग्स बैंड’ के साथ लाइव संगीत की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भोपाल के करीब 2 हजार गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
शब्बीर कुमार के गीतों से सजेगी शाम
प्लेबैक सिंगर शब्बीर कुमार ने हिंदी सिनेमा के कई लोकप्रिय अभिनेताओं के लिए अपनी आवाज दी है। उनके चर्चित गीतों में कुली का ‘सारी दुनिया का बोझ हम उठाते हैं’, बेताब का ‘जब हम जवां होंगे’, गुलामी का ‘जिहाले मस्कीं’ और मेरी जंग का ‘जिंदगी हर कदम एक नई जंग है’ शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार शब्बीर कुमार ने अपने गायन करियर में अनेक पुरस्कार और सम्मान प्राप्त किए हैं तथा हजारों गीत गाए हैं।जबलपुर की इशिता विश्वकर्मा देश-विदेश में अनेक मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं और कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ मंच साझा कर चुकी हैं। वहीं अरविंद दयाल शर्मा किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुतियों के लिए पहचाने जाते हैं और किशोर कुमार के 100 गीतों की श्रृंखला पर काम कर रहे हैं।विक्रमजीत सिंह ‘विक्की’ पिछले 18 वर्षों से बॉलीवुड से जुड़े हैं और विभिन्न देशों में संगीत प्रस्तुतियां दे चुके हैं। उन्हें ड्रम सेट, जैंबे, तबला, ढोलक और डफली सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों में महारत हासिल है।कार्यक्रम में आरजे आशीष दवे, दूरदर्शन उद्घोषिका पुरवा राय और भोपाल की आवाज आयुषी पचौरी मंच संचालन करेंगी।एम-3 ग्रुप भोपाल के अध्यक्ष दिनेश गर्ग ने बताया कि यह आयोजन अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल के अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन ने बताया कि कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ संगीत से जुड़े समूहों और कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है।प्रेस वार्ता में वॉयस ऑफ किशोर अरविंद दयाल शर्मा, एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल के संरक्षक दीपक जोशी, संयोजक मोहम्मद तारिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन मिश्रा, संगठन सचिव राजकुमार श्रीवास्तव और महासचिव प्रमोद शर्मा उपस्थित रहे।
प्रवेश निःशुल्क
कार्यक्रम में एंट्री पास के माध्यम से निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश पास के लिए एम-3 ग्रुप भोपाल अथवा एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल के अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन से व्हाट्सऐप नंबर 6260458568 पर संपर्क किया जा सकता है।