निगमीकरण के स्थापना दिवस पर जीसीएफ में काला बैच लगाकर कर्मचारियों का विरोध

जबलपुर, । गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ), जबलपुर में निगमीकरण के स्थापना दिवस के विरोध में गुरुवार को सभी यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने काला बैच लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। सुबह मास्टर इन के समय बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने एकजुट होकर निगमीकरण के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार की निगमीकरण नीति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आयुध निर्माणियों के कर्मचारियों के हितों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि 1 अक्टूबर 2021 को आयुध निर्माणियों को सात रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में विभाजित किए जाने के बाद से कर्मचारियों में निगमीकरण को लेकर लगातार असंतोष है।

प्रतिनिधियों का कहना है कि आयुध निर्माणियों की मूल सरकारी पहचान बनाए रखना तथा कर्मचारियों के सेवा हितों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी मांग को लेकर सभी यूनियनों एवं एसोसिएशनों ने एकजुटता दिखाते हुए काला बैच धारण कर विरोध दर्ज करायाप्रदर्शनकारियों ने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और आयुध निर्माणियों से जुड़े कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।