पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 269 वारंट तामील

जबलपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जबलपुर पुलिस ने शनिवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं धरपकड़ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों को पकड़ा।22 अगस्त की रात 9 बजे से 23 अगस्त की रात 2 बजे तक चले इस अभियान में पुलिस ने कुल 269 वारंट तामील किए। इनमें कई वर्षों से फरार 117 गैर-जमानती वारंट, 85 गिरफ्तारी वारंट और 67 जमानती वारंट शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर और देहात के थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गई थीं। प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी अथवा उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया।टीमों ने चिन्हित आरोपियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस के अनुसार, कई वारंटी लंबे समय से फरारी काट रहे थे और पुलिस की गिरफ्त से बचते आ रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

अवैध शराब के अड्डों पर भी छापे
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में पुलिस ने कुल 35 लीटर कच्ची शराब तथा 491 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

गुंडे-बदमाशों की भी हुई चेकिंग

अभियान के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की गतिविधियों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों को रोककर पूछताछ की गई और संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाना सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की।

‘कानून से बचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।