मैहर। अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। जुड़ा गांव के पास नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोग बह गए। हादसे में 7 वर्षीय विराज कुशवाहा, 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा और उनके 19 वर्षीय मामा अंकुल कुशवाहा शामिल हैं।तीनों बाइक से तेंदुहटी में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। नदी पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों बाइक समेत बह गए। बाद में मोटरसाइकिल नदी किनारे रपटे के पास मिली।
एक बच्चे का शव बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान 5 वर्षीय सार्थक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि विराज और अंकुल की तलाश अभी जारी है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को बेहद सावधानी से अभियान चलाना पड़ रहा है।
परिजनों ने किया हाईवे जाम
लापता लोगों की तलाश में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई, जिसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस की समझाइश के बाद लगभग एक घंटे में ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।मौके पर तहसीलदार आरडी साकेत, नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम नदी के आसपास लगातार तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।