जबलपुर। 15 अगस्त के ड्राई डे से पहले अवैध रूप से शराब खपाने की तैयारी कर रहे एक युवक को ग्वारीघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 308 पाव देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार 800 रुपये है, बरामद की है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के लिए शराब का स्टॉक जमा कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागौतिया के मार्गदर्शन में ग्वारीघाट पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी ग्वारीघाट कन्हैया सिंह बघेल के अनुसार, 14 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गली नंबर-5, बादशाह हलवाई मंदिर के पास रहने वाला शिवांग केशरवानी उर्फ मोनू (21) अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां आरोपी प्लास्टिक की बोरी के पास खड़ा मिला। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।
बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 308 पाव देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी शिवांग केशरवानी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि 15 अगस्त के ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के लिए आरोपी ने यह स्टॉक पहले से जमा तो नहीं कर रखा था। पुलिस शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं, इसकी भी पड़ताल कर रही है।कार्रवाई में उप निरीक्षक नीलेश पोर्ते, प्रधान आरक्षक दीपक उइके तथा आरक्षक संजय, दिलीप और बलराम की सराहनीय भूमिका रही।