जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती मुस्कान चौधरी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महफिल बार में काम के दौरान हंसी-मजाक और छींटाकशी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने किचन में रखे चाकू से युवती पर हमला किया था।पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की शाम मुस्कान के घर वापस नहीं पहुंचने पर उसके भाई लकी चौधरी ने उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन महफिल बार के एक कर्मचारी ने उठाया और बताया कि मुस्कान घायल हो गई है तथा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां मुस्कान की मौत हो चुकी थी। उसके पेट और सीने पर धारदार हथियार से हमले के चार निशान पाए गए।घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और एफएसएल अधिकारी डॉ. नीता जैन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तलाश करते हुए भोला नगर में दबिश देकर पवन बर्मन (27), निवासी ग्राम खिरहनी, बरगी, हाल निवासी आईटीआई माढ़ोताल, को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि काम के दौरान हंसी-मजाक और छींटाकशी की बात को लेकर मुस्कान से उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डे के नेतृत्व में उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक लवकेश, प्रमोद राय, शारदा मिश्रा, अमित पटेल तथा आरक्षक हरेन्द्र और आशीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।