मेरी पहचान समूह का नौवां सखी मेला 14 अगस्त को

जबलपुर। महिलाओं के बीच आपसी स्नेह, सौहार्द, मनोरंजन और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरी पहचान समूह द्वारा नौवें सखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। लगातार आठ वर्षों से आयोजित हो रहा यह आयोजन इस वर्ष 14 अगस्त, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे पंचमठा लक्ष्मी मंदिर, अधारताल में होगा।कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:45 बजे मां लक्ष्मी एवं भगवान शिव-पार्वती के पूजन से होगी। इसके बाद समय पर पहुंचने वाली सखियों के लिए पंक्चुअलिटी गेम, भारतीय संस्कृति से जुड़े 10 रोचक प्रश्न और हौजी (तंबोला) जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगीसखी मेले में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाली आकर्षक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। श्रीकृष्ण-राधा, श्रीकृष्ण-रुक्मिणी, मीरा तथा शंकर-पार्वती की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके साथ ही महिलाओं की कला और प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।मेले में शामिल होने वाली सखियों के लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था के साथ नाश्ता और श्रृंगार सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को लेकर समूह की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।कार्यक्रम की संरक्षक डॉ. अल्का पटेल एवं संयोजक श्रीमती दीप्ति श्रीवास्तव हैं। मेरी पहचान समूह ने सभी सखियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सखी मेले को सफल और यादगार बनाने की अपील की है।