जबलपुर। आईसीआईसीआई बैंक की सीएसआर शाखा आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ ने नर्मदापुरम जिले में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और उसके आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा, वन आवास के पुनरुद्धार और ग्रामीण समुदायों के सहयोग के लिए कई पहल शुरू की हैं। बैंक की वित्त वर्ष 2026 की ईएसजी रिपोर्ट के अनुसार, यह पहल व्यापक संरक्षण प्रयास का हिस्सा है। बैंक ने वित्त वर्ष 2025 में कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी पर 8.01 अरब रुपये खर्च किए थे, जिसे वित्त वर्ष 2026 में बढ़ाकर 9.94 अरब रुपये कर दिया। 31 मार्च 2026 तक बैंक के कार्यक्रमों से पूरे भारत में 1.983 करोड़ लोगों को लाभ मिला है। इन कार्यक्रमों के तहत 21 राज्यों के 83 जंगलों और टाइगर रिजर्व में संरक्षण कार्यों को सहयोग दिया गया, वित्त वर्ष 2022 से अब तक 50 लाख से अधिक पेड़ लगाने में मदद की गई और सालाना 34.37 अरब लीटर जल भंडारण क्षमता तैयार की गई।